शिमला : शिमला एमैच्योर गार्डन एवं एनवायरनमेंट सोसायटी (SAGES) ने अपना 31वाँ स्थापना दिवस लॉरेट पब्लिक स्कूल, भराड़ी में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया। कार्यक्रम में डॉ. मनीषा थपलियाल, निदेशक, हिमालयन रिसर्च इंस्टीट्यूट, मुख्य अतिथि तथा शिमला की उप महापौर उमा कौशल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। नगर निगम के पार्षदों एवं सेजिस के सदस्यों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन माला सिंह ने किया। दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं स्वागत के बाद अध्यक्ष डॉ. सुषमा भारद्वाज ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डाला और महासचिव कमल वीरेंद्र सिंह ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डॉ. भारती कश्यप की फ्लोरीकल्चर, विशेष रूप से ड्राई फ्लावर्स, डिहाइड्रेशन टेक्नोलॉजी एवं फ्लोरल क्राफ्ट पर प्रस्तुति तथा डॉ. एस.पी. भारद्वाज का बदलते पर्यावरण एवं पर्यावरण संरक्षण पर व्याख्यान रहा।
मोनाल पब्लिक स्कूल, ऑकलैंड हाउस स्कूल और लॉरेट पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मास्टर रियान उदय रण सिंह की प्रेरणादायक प्रस्तुति तथा मास्टर अरविक श्याम की “Character is More Important Than Marks” विषय पर प्रस्तुति विशेष रूप से सराही गई।
इस अवसर पर डॉ. करकारा एवं आदर्श सिंह को सम्मानित किया गया तथा लॉरेट पब्लिक स्कूल की निदेशक डॉ. मीरा सिंह के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. मनीषा थपलियाल ने सेजिस के पर्यावरण संरक्षण एवं समाजसेवा के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन मेजर डॉ. ऋतु कालरा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।








