शिमला :
हिमाचल प्रदेश में होने वाले एक लोकसभा तथा तीन विधानसभा उपचुनावों में 15 लाख 49 हजार मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे। राज्य में आज तक कुल मतदाताओं की संख्या 54 लाख 94 हजार है। यानि कुल मतदाताओं का एक तिहाई मतदाता इन उपचुनावों में वोट डालेंगे।
सबसे पहले मण्डी लोकसभा की बात करते हैं। मण्डी संसदीय क्षेत्र में कुल वोटरों की संख्या 12 लाख 99 हजार 563 है, जिसमें 660669 पुरूष तथा 638894 महिलाएं। इसके अलावा फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 87 हजार 201 मतदाता हैं, जिसमें 42555 महिलाएं तथा 44646 पुरूष, अर्की हलके में कुल 92 हजार 555 वोटर हैं, जिसमें 45392 महिलाएं व 47163 पुरूष तथा जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाता 70939 हैं, जिसमें 35326 पुरूष व 35613 महिला वोटर हैं। इससे साफ है कि जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में महिला वोटरों की संख्या पुरूषों की अपेक्षा अधिक है। ऐसे में यहां पर डिसाईडिंग फैक्टर महिला वोटर है।
इसके अलावा मण्डी संसदीय क्षेत्र में मतदान के लिए 2113 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसी तरह फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में 111, अर्की में 132 तथा जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 128 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
37911 युवा पहली बार करेंगे मतदान
हिमाचल प्रदेश में हो रहे उपचुनावों में 37 हजार 911 युवा वोटर यानि 18 से 19 साल के बीच के युवा पहली बार वोट डालेंगे। इसमें मण्डी संसदीय क्षेत्र में कुल 31 हजार 798 युवा वोटर पहली बार मतदान करेंगे, इनमें 18836 पुरूष तथा 14872 महिला वोटर हैं। इसी तरह फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में 2069 (1209 पुरूष व 860 महिलाएं) युवा वोटर पहली बार मतदान करेंगे। अर्की विधानसभा क्षेत्र में 2556 (1385 पुरूष व 117 महिलाएं) व जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 1578 (875 पुरूष व 703 महिलाएं) युवा वोटर पहली बार मतदान करेंगे।
उपचुनावों के सुचारू संचालन के लिए किया है नियंत्रण कक्ष स्थापित
निर्वाचन विभाग ने अपने मुख्यालय पर निवाचनों को सुचारू रूप से संचालन के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। आम लोग 0177-2621551 पर फोन कर सकते हैं। मीडिया के लिए नियंत्रण कक्ष का नम्बर 0177-2622721 है। इसके अलावा निर्वाचन विभाग मुख्यालय पर ही कॉल सेंटर टोल-फ्री नम्बर 1800-332-1950 भी स्थापित किया गया है।