कांग्रेस मनायेगी दिवाली तो भाजपा की रहेगी फीकी
शिमला : हिमाचल उपचुनावों में विपक्षी दल कांग्रेस ने 4-0 से क्लीन स्वीप किया है। कांग्रेस ने सभी चारों सीट पर जीत दर्ज कर इतिहास बनाया है। यहां तक कि सत्ताधारी भाजपा मुख्यमंत्री के अपने संसदीय क्षेत्र मंडी में भी जीत दर्ज नही कर पाई।
मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी प्रतिभा सिंह 8766 मतों से जीत गई है। प्रतिभा सिंह ने भाजपा के सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को भारी वोटो से मात दी है। मंडी संसदीय सीट में प्रतिभा सिंह और ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के बीच कांटे की टक्कर चल रही थी।
लेकिन आखिर के राउंड के प्रतिभा काफी आगे निकल गईं। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा को रामपुर और भरमौर से बड़ी लीड मिली। बता दें कि उपचुनाव में कुल 742771 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। प्रतिभा सिंह को 365650 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी कुशाल सिंह ठाकुर को 356884 वोट मिले। इनमें से 12626 ने नोटा दबाया।
उधर, जुब्बल-कोटखाई में कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर ने विजयी बढ़त बना ली है। वह छह हजार वोटों से विजयी हुए हैं। आजाद प्रत्याशी चेतन बरागटा दूसरे व भाजपा प्रत्याशी नीलम तीसरे स्थान पर रही हैं।
जुब्बल-कोटखाई विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारी। यहाँ पर भाजपा का परिवारवाद का कार्ड काम नहीं कर पाया। यहां पर कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर 6103 मतों से विजयी घोषित हो गए हैं। रोहित ठाकुर ने 29447 वोट प्राप्त किए। आजाद प्रत्याशी चेतन बरागटा 23344 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
भाजपा प्रत्याशी नीलम सरैइक तीसरे स्थान पर रहीं। भाजपा प्रत्याशी नीलम अपनी जमानत भी नहीं बचा पाई हैं। निर्दलीय प्रत्याशी सुमन कदम को 170 वोट मिले। बता दे कि रोहित ठाकुर वीरभद्र सरकार में मुख्य संसदीय सचिव भी रह चुके हैं। रोहित ठाकुर को अब तक अपने राजनीतिक जीवन में दो बार जीत और दो बार हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस के टिकट पर उनका मुकाबला हमेशा भाजपा नेता पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा से ही रहा।
इसी तरह जिला सोलन के अर्की विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस का जादू चला। अर्की विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी ने 3277 वोटों से जीत दर्ज की।
भाजपा के रतन पाल सिंह को 27216, संजय अवस्थी को 30493, निर्दलीय जीत राम को 543 वोट पड़े। जबकि 1622 लोगों ने नोटा का बटन दबाया।
फतेहपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी
मंडी और जुब्बल-कोटखाई उपचुनाव परिणाम के बाद अब फतेहपुर से भी कांग्रेस प्रत्याशी भवानी पठानिया ने 5789 सीटों से जीत दर्ज की है।
24 चरणों की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर को 18660, भवानी सिंह पठानिया को 24449, जनक्रांति पार्टी के पंकज दर्शी 375, अशोक सोमल(निर्दलीय) को 295 और निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राजन सुशांत को 12927 वोट मिले। वहीं उपचुनाव में 389 ने नोटा दबाया।