शिमला : राज्य चुनाव आयोग ने 51 शहरी निकायों के बाद अब 2 और शहरी निकायों नगर परिषद रोहड़ू व नगर पंचायत नारकंडा में चुनावों की घोषणा की है।

इन दोनों शहरी निकायों में सोमवार को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशित होने के बाद यहां पर आयोग ने चुनावों की घोषणा की गई है। इसी के साथ इन दोनों शहरी निकायों में आदर्श अचार संहिता लागू हो गई है। राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची की ओर से जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार इन क्षेत्रों के लिए 5 मई, 6 मई व 7 मई को सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की छटनी 8 मई को सुबह 10 बजे से की जाएगी। नामांकन पत्रों को 11 मई को दोपहर बाद 3 बजे से पहले वापिस लिए जा सकते है। इसके तुरंत बाद प्रत्याषियों को चुनाव चिन्ह आबंटित किए जाएंगे। यहां पर 22 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान के तुरंत बाद मतों की गणना शहरी निकायों के मुख्यालय पर किए जाएंगे। याद रहे कि पिछले सप्ताह मंगलवार को राज्य चुनाव आयुक्त ने 51 शहरी निकायों के चुनावों का ऐलान किया था। इसी के साथ अब 53 शहरी निकायों में चुनाव होंगे।








