शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी के समन के विरोध में आज दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह सहित पार्टी के अन्य नेताओं को गिरफ्तार कर विरला मंदिर पुलिस थाने में रखा गया तथा कुछ देर बाद छोड़ दिया गया।
कांग्रेस पार्टी ने आज देशभर में AICC की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रवर्तन निदेशालय के समन के विरोध में प्रदर्शन किया है। इसी मामले में दिल्ली में भी कांग्रेस ने धरना दिया। इस दौरान प्रतिभा सिंह को दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद प्रतिभा सिंह और कांग्रेस के अन्य नेताओं को विरला मंदिर पुलिस थाने में रखा गया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि गिरफ्तारी कर केंद्र सरकार कांग्रेसी नेताओं का मनोबल नहीं तोड़ सकती है। कांग्रेस पूरी तरह से गांधी परिवार के साथ है। जिस तरह मोदी सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों को कुचलने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसी का दुरुपयोग कर रहे हैं। कांग्रेस उससे घबराने वाली नहीं है।
प्रतिभा सिंह की गिरफ्तारी पर पार्टी के प्रवक्ता देवेंद्र बुशेहरी ने मोदी सरकार पर लोकतंत्र का गला घोटने का प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि बीते आठ सालों से देश में किसी भी विरोधी को बोलने नहीं दिया जा रहा है। जो भी सरकार के खिलाफ बोलता है। उसके खिलाफ ED, CBI और इनकम टैक्स लगा दी जाती है और झूठे मुकदमे बनाकर आवाज को दबा दिया जाता है।









