शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावनाएं हमेशा बनी रहती हैं। यूपी समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हिमाचल प्रदेश के विषय में हाईकमान के साथ चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से फिलहाल इस विषय पर चर्चा नहीं हुई है, लेकिन चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हिमाचल के राजनीतिक हालातों पर विस्तृत चर्चा होगी।
दरअसल, उप चुनावों में हार के बाद प्रदेश भाजपा और मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें लगाई जा रही है। अटकलों के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर किसी अन्य व्यक्ति को बिठाया जा सकता है। जानकारी के अनुसार पार्टी कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को मजबूत करना चाहती है। जिसके चलते कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से वरिष्ठ नेता को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बिठाया जा सकता है, हालांकि इन सब विषयों पर उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद हाईकमान के साथ चर्चा होगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण से बढ़ती मौतें चिंता का कारण बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमण के कारण प्रतिदिन मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। हालांकि, अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या काफी कम है और अस्पताल में संक्रमण के कारण गंभीर रूप से बीमार रोगियों की संख्या भी कम है। एक्टिव मामलों की संख्या भी धीरे-धीरे कम होती जा रही है, लेकिन सावधानी बेहद जरूरी है।
ओमीक्रोन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को इस बात को स्वीकारना होगा। कोरोना का यह वेरिएंट प्रदेश में आ चुका है और तेजी से फैल रहा है। ऐसे में लोगों को सावधानी अपनाना बेहद जरूरी है। प्रदेश सरकार ने अस्पतालों में पूरी व्यवस्था कर दी है, लेकिन पूरी स्थिति को लेकर 31 जनवरी को होने वाली कैबिनेट में निर्णय लिया जाएगा। कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य वास्तविक रिपोर्ट पेश करेंगे जिसके बाद कैबिनेट आगे की रणनीति पर निर्णय लेगी। रोहड़ू में महिला द्वारा अधिकारी पर लगाएं गए आरोपों पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मामले की पूरी जांच होगी। आरोपों की पुष्टि होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल इस विषय पर जानकारी ली जा रही है। आरोप सिद्ध होने पर जरूर कार्रवाई की जाएगी।
जगदीश कश्यप की दो पुस्तकों ….. कहानी संग्रह “उम्मीद” और कविता संग्रह “सच कह दूं तो चलूं” का लोकार्पण
शिमला : हिमालय साहित्य संस्कृति एवं पर्यावरण मंच द्वारा हिमाचल भाषा कला संस्कृति अकादमी के सहयोग से आज शिमला के...
Read more









