शिमला : हिमाचल प्रदेश में तीन विधानसभा सीटों पर हुए उप चुनावों में जीत दर्ज कर आए तीनों नवनिर्वाचित विधायकों को आज विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने अपने चैंबर में पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई। बता दें कि जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर, अर्की से संजय अवस्थी और फतेहपुर से भवानी पठानिया विधायक बने हैं।
शपथ लेने के साथ ही हिमाचल प्रदेशविधानसभा में आधिकारिक रूप से कांग्रेस के 22 विधायक हो गए हैं। कांग्रेस के दो और भाजपा के एक विधायक के देहांत के बाद खाली हुई सीटों पर ये विधायक चुनकर आए हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के 21 विधायक चुने गए थे। अब इस विधायक दल में एक और का इजाफा हो गया है।
इसी के साथ प्रदेश विधानसभा में भी भाजपा के विधायकों की संख्या 43 हो गई है। इससे पूर्व प्रदेश भाजपा के 44 विधायक थे। जुब्बल-कोटखाई में नरेंद्र बरागटा भाजपा के विधायक थे, जिनका देहांत होने के बाद उपचुनाव हुए। यहां से रोहित ठाकुर कांग्रेस के विधायक बने हैं। अर्की से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और फतेहपुर से पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया के देहांत के बाद सीटें रिक्त हुई थीं। अब अर्की से संजय अवस्थी और फतेहपुर से सुजान सिंह पठानिया के पुत्र भवानी पठानिया विधायक बने हैं। दोनों ही सीटों पर कांग्रेस दोबारा जीती है। अब प्रदेश विधानसभा में भाजपा के 43, कांग्रेस के 22, दो निर्दलीय और एक माकपा विधायक होंगे।
वहीं, विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को बधाई दी और कहा कि अभी हाल ही में तीन विधानसभा के उप चुनाव हुए थे जिसमें जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर, अर्की से संजय अवस्थी, फतेहपुर से भवानी पठानियां जीत कर आए है उन्हें आज पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई है। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री विधायक विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे।
इसी के साथ नए विधायकों के हिमाचल प्रदेश विधानसभा में आने के बाद विधायकों का सिटिंग प्लान एक बार फिर नए सिरे से बनेगा। यह सिटिंग प्लान अब शीत सत्र में ही तय होगा। शीतकालीन सत्र का आयोजन धर्मशाला में होता है। पिछली बार कोविड के फैलने की वजह से इस सत्र को नहीं करवाया जा सका था। अगर इस बार सत्र धर्मशाला में होता है तो वहीं नए विधायकों का सदन में सिटिंग प्लान तय होगा। पहली बार उपचुनाव के बाद एक साथ तीन नए विधायक सदन में आएंगे।
उधर कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री अब संख्या बल से भी विपक्ष के नेता होंगे। इससे पूर्व यह दर्जा सरकार की सिफारिश पर मिला था। सरकार के प्रतिनिधि भी बार-बार इस बात को दोहराते रहते थे कि अग्निहोत्री को यह दर्जा सरकार ने दिलाया है। वहां संख्या बल 22 होना चाहिए था, जो अब हो गया है।
रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस ने रचा इतिहास — डिस्ट्रिक्ट 3080 में बना “बेस्ट क्लब”
रोटेरियन माला सिंह को मिला बेस्ट प्रेसिडेंट ऑफ द डिस्ट्रिक्ट का सम्मान, वहीं रोटेरियन डॉ. तरुणा कौशल को बेस्ट सेक्रेटरी...
Read more