शिमला: आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश के नए अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर होंगे। मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में अपना पूरे संगठनात्मक ढांचे को भंग कर दिया है और करीब 410 पदाधिकारियों की नई टीम का एलान किया है। सुरजीत सिंह ठाकुर को आप का नया राज्य अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मंगलवार को शिमला में दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और हिमाचल के सह प्रभारी डॉ. संदीप पाठक ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर पुराने संगठन को भंग कर नई टीम का एलान किया। कहा कि यह टीम हिमाचल में शानदार स्कूल, स्वास्थ्य सेवाओं, युवाओं के लिए रोजगार पर काम करेगी व पर्यटन को आगे बढ़ाने के साथ हिमाचल की तस्वीर को बदलने के लिए काम करेगी। टीम अरविंद केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस के लिए समर्पित रहेगी। इस दौरान पार्टी के नए सह प्रभारी संदीप पाठक भी मौजूद रहे। मूलरूप से सिरमौर जिले के राजगढ़ से संबंध रखने वाले सुरजीत सिंह ठाकुर ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया।
कहा कि पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक आम कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर उनपर विश्वास जताया है, जिस पर वह खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। सत्येंद्र जैन मामले पर मनीष सिसोदिया ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि इस केस में सीबीआई सात साल में एक पैसे तक की बेईमानी साबित नहीं कर पाई। कहा कि आप में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा। कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। प्रदेश में स्कूलों को बंद किया जा रहा है। आप हिमाचल में शिक्षा के मुद्दे पर काम करेगी।
सह प्रभारी संदीप पाठक ने कहा कि प्रदेश के 18 हजार गांवों में पार्टी ने कमेटियां बना ली हैं। वहीं पंचायत व गांवों के स्तर के संगठन में पदाधिकारियों का एलान आने वाले दिनों में होगा। उन्होंने कहा कि 3615 पंचायतों में संगठन की पहुंच है।
आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में अपना पूरे संगठनात्मक ढांचे को भंग कर दिया है और नई टीम का एलान किया है। सुरजीत ठाकुर नई टीम का नेतृत्व करेंगे। जबकि भगवंत सिंह, शेर सिंह ठाकुर, रमा गुलेरिया, पूरण चंद, पुरनेंद्र मोहन कश्यप, एसएस जोगटा, केजी पराशर और मनीष ठाकुर को राज्य उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी तरह राकेश मंढोत्रा राज्य सचिव व प्रोफेसर कुलवंत राणा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संयुक्त सचिव पद पर बीआर कौंडल, चेतन चंबियाल, अमन गुलेरिया, पंकज पंडित, संतराम व सुरेंद्र बंधु को नियुक्त किया गया है। निर्मल शर्मा को महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, विभा गुलेरिया, आदर्श मेहता, अनिता व सुषमा शर्मा को राज्य उपाध्यक्ष , जबकि किरण पाठक ढींडसा को राज्य सचिव नियुक्त किया है।
लोकसभा प्रभारी:-
हमीरपुर से राज ठाकुर, राजीव अंबिया कांगड़ा, कैप्टर प्रशांत शर्मा मंडी व राकेश अजटा को शिमला लोकसभा प्रभारी नियुक्त किया गया है। सुतिंदर बहरिया को कांगड़ा, जितेंद्र ठाकुर मंडी व विकेंद्र सूद को लोकसभा सचिव शिमला, जबकि संदीप मिन्हास को मंडी व देसराज चौधरी को कांगड़ा लोकसभा का संयुक्त सचिव बनाया गया है।
जिला प्रभारी :-
लक्ष्मण नेगी को सिरमौर जिला, डॉ. कुलदीप ढींढसा सोलन, जेडी चौहान शिमला, अविनाश नेगी किन्नौर, सुरेश नेगी कुल्लू, सुदर्शन जस्पा लाहौल-स्पीति, राकेश रावत मंडी, धनीराम धीमान हमीरपुर, सुरेश शर्मा बिलासपुर, यशपाल ऊना, कल्याण भंडारी कांगड़ा और काकू ठाकुर को चंबा जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा भी उप जिला प्रभारी, सचिव, कोषाध्यक्ष, जिला कार्यालय प्रभारी, सोशल मीडिया प्रभारी, जिला संयुक्त सचिवों के अलावा पार्टी के महिला विंग में नियुक्तियां की गई हैं।
सुरजीत सिंह ठाकुर जिला सिरमौर में रहने वाले हैं ओर लंबे समय से आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं। मनीष सिसोदिया ने पत्रकार वार्ता के दौरान सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया और भाजपा सरकार पर भी जम कर निशाना साधा। बता दें, पिछले दो महीने पहले हिमाचल आम आदमी पार्टी अध्यक्ष अनूप केसरी ओर संगठन मंत्री सतीश ठाकुर भाजपा में शामिल हो गए थे। जिसके बाद से प्रदेश में अध्यक्ष का पद खाली चल रहा था। वहीं, अब आम आदमी पार्टी ने सिरमौर के रहने वाले सुरजीत सिंह को पार्टी की कमान सौंपी है.