भारत सहित हिमाचल में डॉयफ्रूट्स हो सकते हैं मंहगे
अगस्त 19, 2021
पड़ोसी मुल्क अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद अब भारत सहित हिमाचल प्रदेश में भी डॉयफ्रूट्स महंगे होंगे। क्योंकि तालिबान ने भारत के साथ व्यापार रोक दिया है। इसके साथ ही अब भारत से न तो काबुल को कुछ निर्यात किया जा सकता है और न ही वहां से किसी चीज का आयात होगा। ऐसे में अब डॉयफ्रूट्स आम लोगों की पहुंच से दूर हो जाएगी।
भारतीय निर्यात संगठन महासंघ (एफआईईओ) के महानिदेशक डॉ. अजय सहाय ने कहा अफगानिस्तान से भारत के लिए आयात तीन मार्गों से होता है। पहला कारोबार पाकिस्तान के ट्रांजिट मार्ग के जरिये होता है। कब्जे के साथ ही तालिबान ने पाकिस्तान के लिए जाने वाले सभी कार्गो रोक दिए हैं। ऐसे में भारत के साथ वर्चुअली आयात भी थम गया है। कारोबार का दूसरा मार्ग अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर के माध्यम से होता है। इसके माध्यम से कुछ उत्पाद अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर के जरिये भेजे जाते हैं, जो अब भी काम कर रहा है।
तीसरा दुबई के रास्ते भेजे जाने वाले उत्पादों की राह भी फिलहाल बंद नहीं हुई है। डॉ. अजय सहाय ने अफगानिस्तान में तेजी से बदल रहे हालातों के बावजूद भारत के व्यापारिक रिश्ते बने रहने की आशा जताई।
अफगानिस्तान के साथ इन चीजों का होता है कारोबार
भारत अफगानिस्तान से डॉयफ्रूट्स के अलावा थोड़ा प्याज और गोंद का आयात करते हैं। जबकि भारत से अफगानिस्तान को चीनी, दवाइयां, कपड़े, चाय, कॉफी, मसाले और ट्रांसमिशन टावर की सप्लाई की जाती है। वर्ष 2021 में दोनों देशों के बीच 83.5 करोड़ डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हुआ है । 2021 में भारत से अफगानिस्तान से 51 करोड़ डॉलर की वस्तुओं का आयात किया।
भारत ने अफगानिस्तान में 400 परियोजनाओं में लगाया है धन
भारत ने अफगानिस्तान में 3 अरब डॉलर का निवेश कर रखा है। ये धन अफगानिस्तान की 400 परियोजनाओं में लगा है , जिनमें से कुछ संचालित हालत में भी है।