हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या का कारण मृतक और उसकी पत्नी के बीच अनबन बताई जा रही है। जिसके चलते व्यक्ति ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया। मामला उपमंडल सरकाघाट की नबाही पंचायत के बस्थला गांव का है।
यहां बेली राम ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी तरफ मृतक के बड़े भाई संजय कुमार पुत्र मेहर चंद ने बेली राम की पत्नी उषा देवी के खिलाफ पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
व्यक्ति का कहना है कि उसके छोटे भाई और पत्नी के बीच अनबन हो गई जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या की है। लिहाजा पुलिस ने मृतक की पत्नी के खिलाफ अपने पति को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। डीएसपी तिलकराज शांडिल्य ने खबर की पुष्टि की है।