रामपुर: एसजेवीएन फाउंडेशन के तत्वावधान में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत रामपुर जल विद्युत स्टेशन, बायल द्वारा आज दिनांक 17.07.2026 को आयुर्वेदिक अस्पताल, रामपुर बुशहर में रोगियों की जाँच सुविधा को सुदृढ़ करने हेतु Fully Auto Bio Chemistry Analyzer मशीन का विधिवत शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर ई. विकास मारवाह, परियोजना प्रमुख, रामपुर एचपीएस, बायल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
आयुर्वेदिक अस्पताल, रामपुर बुशहर में प्रतिवर्ष लगभग 40,000 से 42,000 बाह्य रोगियों (OPD) तथा लगभग 1,000 अंतरंग रोगियों (IPD) का उपचार किया जाता है। अस्पताल में उपचार के दौरान रोगियों को विभिन्न आवश्यक जाँचों की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। इस अत्याधुनिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइज़र मशीन की स्थापना से रोगियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण जाँच सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे तहसील रामपुर, कुमारसैन एवं ननखड़ी (जिला शिमला), तहसील निचार (जिला किन्नौर) तथा तहसील निरमंड एवं आनी (जिला कुल्लू) के हजारों लोग लाभान्वित होंगे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में ई. विकास मारवाह, परियोजना प्रमुख, रामपुर एचपीएस ने कहा कि एसजेवीएन सदैव समाज के समग्र विकास एवं जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक मशीन के उपलब्ध होने से रोगियों को विभिन्न परीक्षणों के लिए बेहतर एवं शीघ्र सुविधा प्राप्त होगी तथा आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क जाँच सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
इस अवसर पर संजीव शर्मा, उप महाप्रबंधक (इलेक्ट्रिकल), पीएचईएम विभाग, कौशल्या देवी नेगी, उप महाप्रबंधक (आरएंडआर/सीएसआर), रामपुर एचपीएस, डॉ. रोहिणी शर्मा, उप मंडलीय आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी, रामपुर बुशहर तथा आयुर्वेदिक विभाग एवं रामपुर एचपीएस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।








