शिमला : तमिलनाडु में दुर्घटनाग्रस्त सेना के हेलिकॉप्टर में सीडीएस जनरल बिपिन रावत के साथ सवार हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर के गांव अपर ठेहडू, डाकघर कोसरी के लांस नायक विवेक कुमार (29) का भी निधन हो गया है। विवेक चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत के पीएसओ थे। जयसिंहपुर के विधायक रविंद्र सिंह ने अपनी फेसबुक पोस्ट पर विवेक के शहीद होने पर दुख जताया है। विवेक के चचेरे भाई सुरजीत कुमार ने बताया कि बुधवार शाम 4:00 बजे आर्मी दफ्तर से फोन आया था। वहां से विवेक कुमार का बायोडाटा पूछा गया। कहा गया कि इसके अलावा कोई भी सूचना नहीं देने के ऑर्डर हैं। उन्होंने बताया कि विवेक आर्मी में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे।
वर्तमान में वह पैरा कमांडो थे। वह सीडीएस के साथ ही हेलीकॉप्टर में सवार थे। पंचायत के प्रधान विनोद कुमार के अनुसार पत्नी ने बताया है कि विवेक सीडीएस के साथ थे। तमिलनाडु जाने से पहले विवेक ने उन्हें यह बात बताई थी। बताया जा रहा है कि विवेक की पत्नी, पिता रमेश चंद, माता आशा देवी इस सूचना के बाद बेसुध हैं। पंचायत समिति अध्यक्ष कुलवंत राणा ने बताया कि विवेक कुमार का दो महीने का बच्चा है। उनकी शादी को अभी दो साल ही हुए थे।
तमिलनाडु में हेलिकॉप्टर क्रैश होने से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले विवेक कुमार की अपने बेटे की पहला जन्मदिन मनाने की तमन्ना अधूरी रह गई।
चचेरे भाई सुरजीत कुमार ने बताया कि विवेक कुमार चार माह पहले करीब डेढ़ महीने की छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए थे। विवेक कुमार अपने बेटे के जन्म के दौरान छुट्टी लेकर घर आए थे। इस दौरान बेटे के जन्म पर वह कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं कर पाए थे। उन्होंने अपने परिवार से कहा था कि जब उनका बेटा एक साल का हो जाएगा तो उसका पहला जन्मदिन वह धूमधाम से मनाएंगे। बेटे के पहले जन्मदिन पर बड़ा कार्यक्रम करेंगे, लेकिन विवेक की यह तमन्ना अधूरी रह गई।
विवेक ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल कोसरी में शिक्षा प्राप्त की थी। इसके बाद वह सेना में भर्ती हो गए थे। करीब 9 वर्ष तक उन्होंने सेना में सेवाएं दीं। उसका एक छोटा भाई बेकरी में काम करता है और बड़ी बहन की शादी हो गई है। विवेक कुमार की मौत की खबर सुनने के बाद जयसिंहपुर सहित पूरे कांगड़ा जिले में शोक की लहर छा गई है। सोशल मीडिया पर विवेक कुमार को हजारों लोगों ने श्रद्धांजलि दी। विधायक रविन्द्र धीमान ने भी अपनी फेसबुक पोस्ट पर विवेक कुमार को श्रद्धांजलि दी। हालांकि देर रात तक जिला प्रशासन को सेना से विवेक कुमार की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं मिल पाई। लेकिन जयसिंहपुर का अपर ठेहड़ू गांव शोक में डूबा रहा। विवेक कुमार के पिता खेतीबाड़ी करते हैं। ससुराल कोसरी गांव में ही हैं। बारहवीं की शिक्षा प्राप्त करने के बाद वह जैक राइफल में भर्ती हुए थे।