कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में ब्यास नदी में एक राफ्ट पलटने से दो महिला सैलानियों की मौत हो गई है, जबकि राफ्ट में सवार चार अन्य पर्यटक महिलाएं घायल हो गई । घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी कुल्लू गुरदेव सिंह ने हादसे की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार कुल्लू-मनाली घूमने के लिए आईं मध्यप्रदेश और मुंबई की महिला सैलानी बबेली स्थित राफ्टिंग साइट से एक राफ्ट में सवार हुईं। दोपहर बाद बाशिंग के छुरुडू के पास महिला सैलानियों से भरी राफ्ट अनियंत्रित होकर बीच नदी में पलट गई और महिलाएं ब्यास नदी के बहाव में बह गईं। राफ्ट पलटने के बाद रेस्क्यू दल ने महिलाओं को पानी से निकाला और कुल्लू अस्पताल पहुंचाया।
दो महिला पर्यटकों की हालत ज्यादा बिगड़ गई और उन्होंने जिला अस्पताल कुल्लू में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक महिलाओं की पहचान रुकिया दाहोद वाला (75) पत्नी गुलाम अब्बास निवासी कॉटन ग्रीन मुंबई तथा साकेरा बॉम्बे वाला (53) पत्नी शरबीर हुसैन बॉम्बे वाला निवासी 385 मुरानी नगर इंदौर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।
घायलों में मरियम पत्नी जैनुद्दीन इंदौर, नफीसा पत्नी फिरोज इंदौर, रसीदा पत्नी कुतुबदीन तुरला इंदौर और तसनीम पत्नी खेरीवाला निवासी कौटन ग्रीन शामिल हैं। घायल महिलाओं में एक की हालात गंभीर बताई जा रही है। एसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल में बीते कुछ माह से साहसिक गतिविधियों के दौरान हादसे हो रहे हैं। किन्नौर में ट्रैकिंग के दौरान 10 ट्रैकर्स की मौत बर्फबारी से हो गई थी। अब ब्यास नदी में राफ्टिंग के दौरान हादसा हुआ है। ऐसे में लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि बिना सुरक्षा उपकरणों के इन गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है और इस वजह से हादसे के दौरान मदद नहीं मिलती है और लोगों को जान से हाथ धोना पड़ रहा है।