शिमला, 2 नवंबर : निष्काम सृजन फाउंडेशन ने आज रझाना स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के जरूरतमंद बच्चों को स्वेटर वितरित किए।
फाउंडेशन के संज्ञान में आया था कि कुछ बच्चों के पास सर्दी से बचने के लिए स्वेटर नहीं हैं, जिसके कारण उन्हें ठंड में स्कूल आने में कठिनाई हो रही थी। इन बच्चों के माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और सीमित आय के कारण उनके लिए बच्चों के गर्म कपड़ों की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा था।
इस समस्या को देखते हुए फाउंडेशन के सदस्यों ने स्कूल के शिक्षकों से संपर्क कर जरूरतमंद बच्चों की सूची प्राप्त की और आज उन्हें गर्म स्वेटर वितरित किए, ताकि ठंड के कारण उनकी पढ़ाई बाधित न हो और वे नियमित रूप से स्कूल आ सकें।
इस अवसर पर फाउंडेशन की ओर से उषा सूद, मालासिंह, तरुणा कौशल, नीलम गुप्ता उपस्थित रहीं।
निष्काम सृजन फाउंडेशन का प्रयास है कि किसी भी चीज के अभाव के कारण बच्चों की शिक्षा में बाधा न आए।
निष्काम सृजन द्वारा सहयोग की पहल
कार्यस्थल पर हुए एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में दिहाड़ीदार मजदूर नवीन के कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। उन्हें आईजीएमसी, शिमला में भर्ती करवाया गया और उनकी सर्जरी की गई और यह भी पाया गया कि उनके फेफड़ों में भी इंफेक्शन है। उम्र और सेहत के चलते नवीन चलने में असमर्थ है और उन्हें घर में देखने वाला भी कोई नहीं है।
कैथू क्षेत्र की पार्षद कांता सयाल के अनुरोध पर निष्काम सृजन फाउंडेशन ने पार्षद श गीतांजलि भगडा जो कि निष्काम सृजन फाउंडेशन की सदस्य भी हैं, के सौजन्य से नवीन को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई ।
फाउंडेशन की ओर से सदस्य श्रीमती ललिता बहल, गुरप्रीत सौंद और मननदीप ने आईजीएमसी में उपचाराधीन नवीन को कांता सयाल के माध्यम से व्हीलचेयर सौंपी। आशा है कि यह छोटा सा प्रयास उनके कठिन समय में कुछ राहत और सहारा प्रदान करेगा।









