रामपुर: विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा–2026 का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज दिनांक 17.09.2026 को ई. विकास मारवाह, परियोजना प्रमुख, रामपुर एचपीएस द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने, अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही, प्रत्येक वर्ष स्वच्छता के लिए 100 घंटे समर्पित करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का आधार है तथा प्रत्येक व्यक्ति का यह दायित्व है कि वह अपने घर, कार्यस्थल एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान दे। उन्होंने सभी कर्मचारियों से स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल बाहरी साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि शारीरिक स्वच्छता के साथ-साथ स्वभाव स्वच्छता एवं संस्कार स्वच्छता को भी अपने जीवन में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपने आसपास के स्थानों एवं पर्यावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने की अपील की।
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत परियोजना परिसर एवं परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत स्वच्छता जागरूकता अभियान, सफाई कार्यक्रम, पोस्टर एवं संदेश प्रदर्शन, जन-जागरूकता गतिविधियां तथा कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता से स्वच्छता को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएंगे।








