मुख्यमंत्री ने जताया शोक
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में जिला कुल्लू के बंजार में रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे सैलानियों का एक टेंपो ट्रैवलर खाई में गिर गई। इस सड़क दुर्घटना में 7 पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एसएसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि इस दुर्घटना में 7 पर्यटकों की मौत हुई हैं। मृतकों में 5 युवक और 2 युवतियां शामिल हैं।
वाहन सवारों में 3 आईआईटी वाराणसी के छात्र बताए जा रहे हैं। इनमें 1 छात्रा और 2 छात्र शामिल हैं। अन्य अलग-अलग सेक्टर से हैं। उन्होंने बताया कि जलोड़ी जोत से यह गाड़ी जिभी की तरफ आ रही थी। जब गाड़ी जलोड़ी के पास पहुंची तो अनियंत्रित होकर हाईवे से करीब 400 मीटर खाई में गिर गई। गाड़ी में 17 लोग सवार थे। 5 की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि बाकी घायलों को बंजार अस्पताल में भर्ती किया गया। घायलों को बंजार अस्पताल तक लाने के लिए प्रशासन ने एंबुलेंस भेजी। उसके बाद घायलों को बंजार अस्पताल तक लाया गया। सड़क दुर्घटना के बाद बंजार अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है। घटना में 7 लोगों की मौत और 10 अन्य घायल हुए हैं, यह सभी दिल्ली से एक ट्रेवल एजेंसी के जरिए घूमने आए थे। एसएसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कुल्लू जिला के जलोड़ी जोत के समीप घियाघी में एक टैम्पो ट्रैवलर की दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु और दस अन्य घायल हुए हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन दुर्घटनास्थल पर पहुंच गया और राहत एवं बचाव कार्य प्रारम्भ कर दिये।
मुख्यमंत्री ने जिला एवं अस्पताल प्रशासन को दुर्घटना में घायल लोगों को श्रेष्ठ उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश देते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि घायलों को फौरी राहत के रूप में 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवारजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।